आईएफएस में नगरी के अतुल गोलछा ने पाई बड़ी सफलता – 27वां रैंक, बनेंगे डीएफओ

धमतरी: नगर पंचायत नगरी निवासी अतुल गोलछा, पुत्र स्व. जसराज गोलछा ने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया में 27वां रैंक हासिल किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के चलते वे अब डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) बनेंगे। उनकी इस सफलता से न केवल नगरी ब्लॉक बल्कि पूरे जैन समाज और गोलछा परिवार में खुशी की लहर है।

अतुल गोलछा

अतुल की प्रारंभिक शिक्षा नगरी के प्रोविडेंस स्कूल और डीपीएस भिलाई में हुई। इसके बाद उन्होंने बीटेक और एमटेक की पढ़ाई पूरी की और फिर दिल्ली जाकर यूपीएससी की तैयारी में जुट गए। आठ वर्षों की अथक मेहनत के बाद अंततः उन्हें यह गौरव हासिल हुआ।

लगातार प्रयास, कभी हार नहीं मानी
उनके चाचा मनीष जैन ने बताया कि अतुल चार भाइयों में एक हैं। दो भाई दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रहे हैं जबकि दो नगरी में पारिवारिक व्यवसाय संभालते हैं। कई बार मामूली अंकों से IAS और IPS से चूकने के बावजूद अतुल ने हार नहीं मानी। उनकी यह सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

समाज और क्षेत्र ने दी शुभकामनाएं
अतुल की इस सफलता पर सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, जैन श्री संघ अध्यक्ष उत्तम गोलछा, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, जनप्रतिनिधि एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्जवल भविष्य की कामना की।

संदेश
अतुल गोलछा की कहानी इस बात का प्रमाण है कि निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनके इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गर्व करने का अवसर दिया है।

Scroll to Top